Chaibasa News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा उर्फ पतिराम मांझी को मार गिराया। इस मुठभेड़ में अनल दा के साथ अन्य 11 नक्सलियों के मारे जाने की भी सूचना है।
आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने मुठभेड़ में अनल दा के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया सूचना मिली थी कि अनल दा का दस्ता किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा है।
खुफिया इनपुट के आधार पर कोबरा, झारखंड जगुआर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई, जो कई घंटों तक चली।
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद हथियारों में एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों की पहचान ग्रामीणों की मदद से की जा रही है।
अनल दा झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी था और लंबे समय से सारंडा के जंगलों में सक्रिय था। वह प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की झारखंड-बिहार स्पेशल एरिया कमेटी का प्रमुख सदस्य था और संगठन की कई बड़ी नक्सली गतिविधियों की कमान संभाल रहा था। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह ऑपरेशन अनल दा के पूरे दस्ते को निशाना बनाकर चलाया गया था। इस दस्ते में मिसिर बेसरा जैसे अन्य बड़े नक्सली नेताओं के शामिल होने की भी आशंका थी, हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा है और इसे नक्सलियों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है

