Nawada News: जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने एक स्कूल बस से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए बस चालक और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की मात्रा 33.6 लीटर बताई गई है।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र के अनुसार बिहार में मद्यनिषेध कानून को सख्ती से लागू करने के तहत झारखंड की ओर से आने वाले हर वाहन की जांच की जाती है। सोमवार को भी इसी क्रम में एसआई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आने वाली स्कूल बस (नं. BR02AA4934) को जांच के लिए रोका गया।
उत्पाद एएसआई पंकज कुमार शाह ने बस की गहन जांच की। बस के अंदर बड़ी मात्रा में किताबें रखी हुई थीं, जो देखने में सामान्य लग रही थीं। लेकिन बस के पीछे की डिक्की की जांच के दौरान तिरपाल से ढंके चार झोलों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। इन झोलों में ब्लेंडर्स प्राइड 750 एमएल की 21 बोतल, रॉयल स्टेज 750 एमएल की 12 बोतल, 8 पीएम 180 एमएल की 45 बोतल एवं ओल्ड मॉन्क 750 एमएल की 1 बोतल शामिल थीं।
पूछताछ में बस चालक धनंजय शर्मा और मैनेजर सुजीत कुमार ने स्वीकार किया कि यह शराब उन्हीं की है और वे इसे हजारीबाग से पटना ले जा रहे थे। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। चालक नवादा के धनंजय शर्मा जबकि मैनेजर पटना जिले के सुजीत कुमार बताए गए हैं।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब, स्कूल बस और दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। स्वास्थ्य जांच के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद बल के जवानों के साथ गृह रक्षक भी मौजूद थे।

