Baxer News:- नववर्ष को लेकर अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुफस्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी–बिहार सीमा पर सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए पुलिस ने ईंटों से लदे एक ट्रैक्टर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शराब तस्कर उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब की खेप पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल कर रहे थे। शराब को ईंटों के नीचे छिपाकर रखा गया था ताकि जांच से बचा जा सके। बताया गया कि ट्रैक्टर सीमा पर स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट से जांच के बाद गुजर चुका था, लेकिन मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गश्त पर तैनात एक सिपाही को ट्रैक्टर की गतिविधि संदिग्ध लगी। संदेह के आधार पर ट्रैक्टर को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई तो ईंटों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप सामने आई।
पुलिस ने मौके से कुल 1740 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में ट्रैक्टर चालक नन्दलेश कुमार, निवासी छोटकी बसौली को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही शराब से लदे ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि नववर्ष को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है। इस मामले में अन्य तस्करों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और उनकी पहचान कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और नववर्ष से पहले अवैध धंधे पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

