Ranchi News:- झारखंड में कोयला चोरी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर बढ़ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धनबाद में कोल माफिया अब तकनीक का सहारा लेकर चोरी के पुराने नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे हैं।
मरांडी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि ईडी की हालिया कार्रवाई और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद धनबाद में अवैध कोयले के धंधे पर कुछ समय के लिए रोक जैसी स्थिति बनी थी। उनके अनुसार, माफियाओं में डर का माहौल बना और चोरी की घटनाओं में भी कमी देखने को मिली। लेकिन अब विश्वस्त सूत्रों से मिल रही सूचनाओं के अनुसार, कोल माफिया एक बार फिर अपने नेटवर्क को फैलाने की तैयारी में जुट गए हैं।
उन्होंने लिखा कि कानून से बचने और कॉल ट्रेसिंग से बचाव के लिए माफियाओं ने अपने कम्युनिकेशन सिस्टम में बदलाव किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि धनबाद के बैंक मोड़ क्षेत्र में एक दुकानदार ने लगभग 55 आईफोन की खास सप्लाई करवाई है, जो सामान्य खरीद नहीं लगती। मरांडी का दावा है कि उद्देश्य साफ है—अब पुलिस और कोयला माफिया के बीच बातचीत फेस टाइम के जरिए होगी, ताकि कॉल ट्रेस न हो सके और चोरी का सिंडिकेट आसानी से चलाया जा सके।
नेता प्रतिपक्ष ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि धनबाद में अचानक सक्रिय हुए आईफोन उपयोगकर्ताओं, खरीदारों तथा उनके नामी-बेनामी संपर्कों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, क्योंकि यह पूरा नेटवर्क बड़े अपराध की ओर संकेत करता है।
मरांडी ने कहा कि माफिया चाहे जितनी तकनीक बदल लें, लेकिन प्रदेश की संपत्ति की लूट को रोकने के लिए वे लगातार ऐसे मामलों को उजागर करते रहेंगे और जनता को सच बताते रहेंगे।
