गिरिडीह न्यूज:
बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग स्थित चर्चित होटल कलश धाम में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया है और संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, होटल कलश धाम लंबे समय से विवादों में घिरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बिना किसी जांच-पड़ताल के कमरा उपलब्ध कराया जाता था, जिसके कारण अनैतिक गतिविधियां बेरोकटोक संचालित हो रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, होटल परिसर में शराब सेवन के लिए विशेष केबिन भी बनाए गए थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह होटल एक स्कूल और बीएड कॉलेज से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। शैक्षणिक संस्थानों के इतने करीब इस तरह की गतिविधियां होना प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
छापेमारी दल का नेतृत्व बगोदर-सरिया एसडीपीओ *धनंजय राम* ने किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतने लंबे समय से यह गतिविधियां कैसे चलती रहीं और स्थानीय स्तर पर निगरानी में चूक क्यों हुई। इस दौरान *एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता* भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे होटलों की भी जांच हो, जहां बिना उचित दस्तावेज के कमरा दिया जाता है।

