Sitamarhi News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सीतामढ़ी जिले के पुनौरा गांव स्थित मां सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य 8 अगस्त को प्रस्तावित माता जानकी मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करना था। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले माता सीता के गर्भगृह में पहुंचे और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने शिलान्यास स्थल की भव्यता और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से पंडाल की मजबूती, वीआईपी मंच, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, पार्किंग, और श्रद्धालुओं की आवाजाही जैसे अहम बिंदुओं पर जिलाधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
नीतीश कुमार ने कहा, “यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा एक ऐतिहासिक क्षण है। इसकी तैयारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने यह भी दोहराया कि पुनौराधाम का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
8 अगस्त को होने वाले शिलान्यास समारोह में देश की 11 पवित्र नदियों के जल से मंदिर की आधारशिला रखी जाएगी। यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बनेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई राष्ट्रीय स्तर की हस्तियां इस ऐतिहासिक अवसर की साक्षी बनेंगी।
इस खबर को भी पढ़ें :जीतन राम मांझी का चिराग पासवान पर तीखा हमला ,चिराग ने लालू यादव का शासन काल नहीं देखा,उनके पास अनुभव की कमी
इस खबर को भी पढ़ें :अपहरण की सूचना पर पहुॅची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, सब इंस्पेक्टर सहित चार जवान घायल

