Palamu News :- पलामू पुलिस को ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान और पंजाब में सप्लाई की तैयारी कर रहे तस्करों की योजना को नाकाम करते हुए पुलिस ने साढ़े छह किलो अफीम बरामद की है। बुधवार देर रात लगभग दो बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन रोड पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बरामद अफीम की बाजार में कीमत 32 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक सफेद रंग की फोर-व्हीलर (जेएच 01 एफवाई 5271) से अफीम लेकर स्टेशन रोड की ओर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया और कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें अफीम के छह पैकेट छिपाकर रखे गए थे। डीडी किट से परीक्षण में इसे अफीम की पुष्टि हुई।
जिला पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक कार से अफीम लेकर डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। इसके बाद एक टीम गठित की गई और स्टेशन मार्ग पर विशेष जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया और तलाशी में अफीम बरामद की गई।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर अभिषेक राजस्थान और पंजाब के तस्करों को यह खेप देने जा रहा था। लेकिन पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही वहां मौजूद अन्य तस्कर फरार हो गए। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अभिषेक यह अफीम पलामू और चतरा के सीमावर्ती इलाकों से लेकर आया था। पूरे नेटवर्क की पहचान कर अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार अभिषेक बिहार-झारखंड क्षेत्र में सक्रिय ठगी गिरोह से भी जुड़ा रहा है। पश्चिम बंगाल के राजाघाट थाना क्षेत्र में टेलीग्राम के माध्यम से 18 लाख रुपये की ठगी के मामले में वह वांछित है। इसके अलावा चैनपुर थाना में उसके खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज है। पलामू पुलिस इस बरामदगी को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मान रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

