ढाका।
बांग्लादेश की सरकार ने देश में बढ़ते दुष्कर्म के मामलों को लेकर दोषियों को मृत्यु दंड की सजा देने का फैसला किया है। इसका निर्णय सोमवार को मंत्रिमंडल की हुई एक अहम बैठक में ली गई। मंत्रिमंडल के प्रवक्ता खांडाकेर अनवारुल इस्लाम ने बताया कि राष्ट्रपति अब्दुल हमीद महिलाओं और बच्चों के दमन निवारण अधिनियम में संशोधन के लिए मंगलवार को अध्यादेश जारी कर सकते हैं। हालांकि अधिनियम से संबंधित ज्यादा विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। मगर मंत्रिमंडल की बैठक में इसकी मंजूरी दे दी गई है। कानून मंत्री अनिसुल हक ने बताया कि मंगलवार को अध्यादेश जारी कर दिए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में हिंसक दुष्कर्म की घटनाओं के बढ़ने को लेकर राजधानी ढाका और अन्य जगहों पर इसके विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। मानवाधिकार संस्था के रिपोर्ट के अनुसार देश में दुष्कर्म की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। जनवरी से लेकर अगस्त तक कुल 889 घटनाएं हुई हैं, जिनमें सामूहिक दुष्कर्म भी शामिल है। इन घटनाओं में कम से कम 41 पीड़ितों की मौत भी हो चुकी है।
