Koderma News:- डोमचांच प्रखंड स्थित शिवसागर तालाब परिसर में चल रहे सात दिवसीय मेले में हर दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शाम होते ही चौकी नंबर 11 से लेकर शिवसागर तालाब तक का पूरा इलाका आस्था और उमंग से सराबोर नजर आ रहा है। भारी भीड़ के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति भी बन रही है, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं हो रहा।
इस मेले में जहां धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, वहीं सामाजिक सेवा की भावना भी साफ झलक रही है। बैजनाथ प्रसाद स्नेही बीएड कॉलेज की ओर से छठ तालाब परिसर में निशुल्क प्राथमिक उपचार शिविर लगाया गया है। इस शिविर में श्रद्धालुओं के लिए बीपी और शुगर जांच, साथ ही छोटे-मोटे चोटों का उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कॉलेज द्वारा निशुल्क चाय और पानी की व्यवस्था भी की गई है।
कॉलेज के सचिव हिमांशु कुमार ने बताया कि इस स्टॉल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि “महाविद्यालय समाजहित में लगातार सकारात्मक पहल कर रहा है और इस तरह के आयोजन से लोगों में सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।”
वहीं, इंजीनियर प्रेमांशु कुमार ने कहा कि अब डोमचांच और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को बीएड, बीसीए और डी-फार्मा जैसे कोर्स की पढ़ाई यहीं उपलब्ध है। इससे विशेषकर स्थानीय बालिकाओं को बड़े शहरों में पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा। कॉलेज में स्कॉलरशिप की सुविधा भी दी जा रही है ताकि हर वर्ग के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।
शिवसागर तालाब परिसर में चल रहे इस मेले में श्रद्धालु जहां भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना में लीन हैं, वहीं सामाजिक संस्थाओं की जनसेवा के कार्यों से पूरा वातावरण प्रेरणादायक बन गया है।

