Sahibganj News:- झारखंड के साहिबगंज जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें पत्थर चिप्स लदी एक मालगाड़ी की करीब 18 बोगियां पटरी से उतर गईं। यह हादसा साहिबगंज के बरहरवा हिल अपर साइड इलाके में हुआ, जब मालगाड़ी पहाड़ से ढलान की ओर बढ़ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। हालांकि मालगाड़ी के कई डिब्बे घनी आबादी वाले इलाके की तरफ गिर गए, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
मालगाड़ी के डिब्बों के आपस में टकराने और पलटने से रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
डीआरएम ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है, जो राहत की बात है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी हुई है ताकि जल्द से जल्द रेल परिचालन सामान्य हो सके।
रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और कहा गया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

