Palamu News:- भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पलामू प्रमंडलीय टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद कुमार को 5,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
सूत्रों के अनुसार, आवेदक से नकल निकालने के नाम पर विनोद कुमार द्वारा 5,500 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। आवेदक ने इस अवैध वसूली की शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया।
एसीबी की टीम मौके पर मौजूद रही और जैसे ही बड़ा बाबू विनोद कुमार ने आवेदक से रिश्वत की रकम स्वीकार की, उन्हें तुरंत रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
एसीबी की इस कार्रवाई से चैनपुर अंचल में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के हर मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकारी तंत्र को पारदर्शी बनाने की दिशा में अभियान जारी रहेगा।
एसीबी आरोपी विनोद कुमार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।

