Ranchi News:- झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली झारखंड विशिष्ट एवं तकनीकी योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को अचानक रद्द किए जाने पर राज्य की सियासत गर्मा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस फैसले को युवाओं के साथ “विश्वासघात” बताया है।
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा —“हेमंत सोरेन जी ने युवाओं के साथ फिर वही किया, जो अब तक करते आए हैं — विश्वासघात।”
उन्होंने कहा कि परीक्षा 9 अक्टूबर को आयोजित होनी थी, लेकिन ठीक एक दिन पहले तकनीकी खामियों का हवाला देकर इसे रद्द कर दिया गया। मरांडी ने सवाल उठाया कि —“क्या हेमंत जी के दिल्ली में होने की वजह से तकनीकी सेटिंग नहीं हो पाई या यह सिर्फ एक बहाना था?”
भाजपा नेता ने कहा कि इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह सालों से झारखंड की युवा पीढ़ी हेमंत सरकार की नाकामी और साज़िशों के कुचक्र में फंसी हुई है।“कभी पेपर लीक कर युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है, तो कभी परीक्षा रद्द कर उनका मनोबल तोड़ा जा रहा है,” — मरांडी ने कहा।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार जल्द से जल्द खामियों को दूर करे और पारदर्शी तरीके से परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित करे। साथ ही, जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी यात्रा की है, उनके आवागमन का खर्च सरकार को वहन करना चाहिए।

