Ranchi News: झारखंड सरकार के खेल विभाग में खेल सामग्री की खरीद में करीब छह करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सरकार को घेरते हुए लिखा कि राज्य में लूट का खुला खेल चल रहा है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि खेल विभाग ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की धज्जियां उड़ाईं। उन्होंने कहा कि सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (एल-1) को नजरअंदाज कर, ऊंची दर पर सामान देने वाली एल-2 कंपनी को ठेका दे दिया गया। यह सीधे तौर पर सरकारी धन की बर्बादी और भ्रष्टाचार का मामला है।
नेता प्रतिपक्ष ने लिखा कि झारखंड में नियम-कानूनों की कोई अहमियत नहीं रह गई है। पहले ई-रिक्शा में डीजल भरवाने जैसे हास्यास्पद और शर्मनाक घोटाले सामने आए और अब खेल विभाग में करोड़ों की हेराफेरी उजागर हुई है। उन्होंने दावा किया कि यह सारा खेल कमीशनखोरी और आपसी साठगांठ का नतीजा है।
मरांडी ने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया को जानबूझकर बिगाड़ा गया ताकि मनचाही कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा सके। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार एक नियमित प्रक्रिया बन गई है और जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हो रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के युवा और खिलाड़ी सुविधाओं के लिए तरसते हैं और वहीं अधिकारी व सत्ता में बैठे लोग खेल किट खरीद के नाम पर मोटी कमाई कर रहे हैं।

