Jamshedpur News:- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को घाटशिला के दामपाड़ा हाट मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में झारखंड की जनता राजग उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से जिताने का मन बना चुकी है। यह उपचुनाव भले ही सरकार न बनाए, लेकिन जनता को राज्य सरकार को सबक सिखाने का मौका है।
मरांडी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में केवल लूट, भ्रष्टाचार और माफियागिरी का बोलबाला रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संरक्षण में दलाल और बिचौलिए राज्य के बालू, कोयला, लोहा और अन्य खनिजों की खुली लूट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा, जबकि दलालों के हाइवा ट्रक पुलिस की मिलीभगत से धड़ल्ले से चलते हैं।
भाजपा नेता ने राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पतालों में न दवा है, न डॉक्टर, न एंबुलेंस, वहीं स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। गरीबों की वृद्धा और दिव्यांग पेंशन तक बंद कर दी गई है। ‘मईयां सम्मान योजना’ की राशि भी बांग्लादेशी और रोहिंग्या हड़प रहे हैं।
मरांडी ने कहा कि घाटशिला क्षेत्र में रोहिंग्या घुसपैठ बढ़ रही है और राज्य सरकार इसके संरक्षण में है। उन्होंने इसे “राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिश” बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने युवाओं की दुर्दशा का जिक्र करते हुए कहा कि “नौकरियां बिक रही हैं, परीक्षाएं रद्द हो रही हैं और युवाओं को न नौकरी मिल रही, न भत्ता।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा आदिवासी, मूलवासी, दलित और पिछड़ों की चिंता की है। अटल जी ने झारखंड को अलग राज्य बनाकर विकास की नींव रखी थी, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन हेमंत सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर विकास में बाधा डाल रही है।

