Lohardaga News:- कोयल नदी में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में बीटेक छात्र प्रत्यूष राज उर्फ आर्यन (21 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई। प्रत्यूष शहर के संजय गांधी पथ का रहने वाला था और चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रत्यूष अपने चार दोस्तों के साथ कोयल नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब काफी देर तक वह पानी से बाहर नहीं आया तो दोस्तों ने शोर मचाया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही लोहरदगा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से प्रत्यूष को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल है।
प्रत्यूष पढ़ाई में होनहार था और उसका सपना एक सफल इंजीनियर बनने का था। वह चंडीगढ़ के एक प्रतिष्ठित संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।
स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं टाली जा सकें।