Koderma News:- चंदवारा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई, जिसमें एक ऑटो के पलटने से दो स्कूली छात्राओं सहित तीन लोग घायल हो गए। यह हादसा चंदवारा बजरंगबली मंदिर मोड़ के पास उस समय हुआ जब ऑटो उरवा मोड़ से सवारियां लेकर तिलैया की ओर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से अचानक एक मोटरसाइकिल तेजी से आ गई। टक्कर से बचने के प्रयास में ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भेजा।
दुर्घटना में चंदवारा निवासी 14 वर्षीय आलिया प्रवीण, पिता – मो. शहनशाह आलम, और 14 वर्षीय नुसरत खातून, पिता – मो. कुर्बान अंसारी को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों छात्राएं स्कूल जाने के लिए ऑटो से तिलैया की ओर जा रही थीं। इसके अलावा उरवा निवासी 40 वर्षीय मोती भुइयां, पिता – सहदेव भुइया को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है।
वहीं ऑटो चालक को हल्की चोटें लगने की जानकारी मिली है। उन्होंने चंदवारा स्थित एक निजी क्लिनिक में जाकर उपचार करवाया। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार व अव्यवस्थित यातायात पर चिंता जताई।
घटना की सूचना मिलने के बाद चंदवारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में लापरवाही की प्राथमिक संभावना दिख रही है। साथ ही, अधिकारियों ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने व नियमों का पालन करने की अपील की है।
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करना कितनी बड़ी दुर्घटनाओं को जन्म दे सकता है।

