Jamshedpur News:- जमशेदपुर के टाटा स्टील परिसर में रविवार रात चोरी की बड़ी कोशिश को कंपनी की सतर्क सुरक्षा टीम ने नाकाम कर दिया। घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के एलडी-1 ट्रैक हॉपर क्षेत्र की है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल हो गए। घटना रात लगभग 11:50 बजे की बताई जा रही है। सुरक्षा विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व चोरी की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर सुरक्षाकर्मियों ने इलाके में घेराबंदी कर रखी थी। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर टीम ने दबिश दी और मौके से रहमत कुरैशी (35), पिता अनमल कुरैशी, निवासी धातकीडीह ब्लॉक-ए, बड़ी मस्जिद के पास को गिरफ्तार कर लिया।
सुरक्षा टीम की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रहमत कुरैशी आदतन अपराधी है और इससे पहले भी दो बार चोरी की कोशिश में पकड़ा जा चुका है। उसे रंगे हाथ पकड़ने के बाद नियमित प्रक्रिया के तहत पहले मेडिकल परीक्षण के लिए डब्ल्यूपीएफए ले जाया गया और बाद में बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
टाटा स्टील सुरक्षा विभाग ने इस घटना के बाद स्पष्ट कर दिया है कि कंपनी परिसर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि चोरी या तोड़फोड़ जैसी घटनाओं में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जाएगा।
इस घटना के बाद टाटा स्टील परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। वहीं स्थानीय पुलिस भी आरोपित के साथ फरार हुए अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

