Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच लखीसराय से बड़ी राजनीतिक घटना सामने आई है। उपमुख्यमंत्री एवं लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला किया गया। विजय़ सिन्हा ने इस घटना के लिए राजद समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार, मतदान के दौरान विजय सिन्हा का काफिला जैसे ही लखीसराय क्षेत्र में पहुंचा, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया। उपद्रवियों ने “मुर्दाबाद” के नारे लगाए, चप्पल और कीचड़ फेंका तथा गाड़ी को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों को स्थिति नियंत्रित करने में हस्तक्षेप करना पड़ा।
विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि हमला पूर्वनियोजित था और इसमें राजद समर्थक शामिल थे। उन्होंने कहा कि गुंडे लोगों को मतदान से रोक रहे हैं, खासकर दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पोलिंग एजेंट को बूथ से भगा दिया गया तथा मतदान नहीं करने दिया गया।
मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने चेतावनी दी कि ऐसे हमलावरों पर “बुलडोजर एक्शन” होगा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है और वे इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे। साथ ही दावा किया कि एनडीए की सरकार बन रही है और जनता उन्हें समर्थन दे रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं और मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

