Ranchi News:- रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर आयोजित ग्रामसभा के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में लापुंग थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। थाना प्रभारी को सिर में गंभीर चोट लगी है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बेड़ो डीएसपी अशोक राम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लापुंग में जमीन विवाद को लेकर ग्रामसभा चल रही थी, जहां कुछ असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की सूचना पर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भीड़ ने पुलिस पर हमला बोल दिया।
थाना प्रभारी को पहले लापुंग में ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई, इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। हमले में एक अन्य पुलिस जवान भी घायल हुआ है। फिलहाल घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षाबल रांची से भी भेजे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रांची और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से जमीन माफियाओं की सक्रियता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ राजनीतिक दलों के संरक्षण में ये माफिया खुलेआम जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, जिसकी वजह से विवादों की संख्या में वृद्धि हो रही है।प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
ग्रामीण के बीच हुई झड़प में दो ग्रामीणों को भी गोली लगने की खबर है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मियों की ओर से की गयी फायरिंग में जतरु मुंडा और बिरसा देवी घायल हो गये हैं। दोनों को इलाज के लिए पहले भरनो अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मनोज कौशिक ने बताया कि फायरिंग में घायल लोगों के बयान लेकर कानून के तहत कार्रवाई की जायेगी। जबकि डीआईजी सह रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने हवाई फायरिंग की है। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। यह जरुरी नहीं है कि गोली पुलिस की ओर से ही चलायी गयी है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
इससे पहले बेड़ो पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अशोक राम ने बताया था कि लापुंग में जमीन विवाद को लेकर चल रहे ग्राम सभा में कुछ असामाजिक तत्वों के मौजूद रहने की सूचना पर लापुंग थाना प्रभारी संतोष यादव ग्राम सभा में पहुचे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम पर हमला किया गया। इस हमले में थाना प्रभारी को सिर में चोट लगी है। जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है। घायल थाना प्रभारी का लापुंग में ही प्राथमिक उपचार करवाने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया है।

