Ranchi News:- रांची के पंडरा ओपी में हुए बवाल और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में छह पुरुष और दो महिला शामिल हैं। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को पंडरा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में गुमला जिले के एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। गत शनिवार को घायल व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर दी।
आक्रोशित लोग टायर जलाकर आवागमन बाधित करने लगे और ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इसी दौरान कुछ लोग पंडरा ओपी में घुस गए और वहां रखे अभिलेख, टेबल, कुर्सी, अलमारी, सरकारी वाहन और थाने के दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवियों ने ओपी प्रभारी पर जानलेवा हमला किया, जिसमें ओपी प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसपी सिटी, पारस राणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और उपद्रवियों पर काबू पाया गया। पुलिस ने पंडरा ओपी में इस मामले में 30 नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आज की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंदन कुमार, महेश साव, दिनेश राय, कुणाल यादव, कुंदन यादव, अनमोल जायसवाल, मीणा देवी और प्रिया कुमारी के रूप में हुई है।
एसपी ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रकार के उपद्रव और हिंसक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

