Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। नावाबाजार थाना अंतर्गत रात्रि गश्ती दल के प्रभारी सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेश बैठा का एक संदिग्ध वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। यह मामला 16 सितंबर की रात का है, जब गश्ती के दौरान एएसआई राजेश बैठा को एक ट्रक चालक से अवैध धनराशि लेते हुए कैमरे में कैद किया गया। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसकी सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन तक व्हाट्सएप के माध्यम से पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विश्रामपुर को सौंपी। जांच रिपोर्ट में वीडियो की पुष्टि की गई और इसे अनुशासनहीन एवं संदिग्ध आचरण करार दिया गया। रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को एसपी ने राजेश बैठा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
सिर्फ यही नहीं, एसपी ने नावाबाजार थाना में पहले से तैनात पूरे सशस्त्र बल को हटाकर पुलिस केंद्र में बुलाने का निर्देश दिया और उनकी जगह नए जवानों की प्रतिनियुक्ति का आदेश भी दिया है। इस कदम का उद्देश्य गश्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखना है।
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मी की संदिग्ध गतिविधि या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत हो तो तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 7070452955 पर संपर्क करें। शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में पलामू पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

