Bokaro News :- बोकारो जिले के पेटरवार में गुरुवार देर रात एक विदेशी शराब दुकान में हथियार के बल पर बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। चार हथियारबंद लुटेरों ने दुकान पर धावा बोलते हुए लगभग 5.5 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने दहशत फैलाने के लिए मौके पर दो राउंड फायरिंग भी की, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब दुकान में तीन कर्मचारी—आनंद भूषण, साकेत कुमार सिंह और विष्णु प्रसाद—मौजूद थे। आनंद भूषण के अनुसार, जब एक स्टाफ बाथरूम के बाद अंदर आ रहा था, उसी समय लुटेरे दुकान में जबरन घुस गए। उन्होंने कर्मचारियों से मोबाइल छीन लिए और मारपीट शुरू कर दी। तीन लुटेरे स्टाफ को काबू में करने लगे, जबकि चौथा कैश काउंटर से पैसा निकालने में जुट गया।
लूट के दौरान जाते समय लुटेरों ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली काउंटर से टकराई। घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना पेटरवार थाना को दी गई। थानेदार राजू मुंडा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और दुकान का बही-खाता जब्त कर लिया है।
घटना के बाद गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और बोकारो में बढ़ते अपराध पर चिंता जाहिर की। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

