Chainasa News:- जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में धावा बोलकर ढाई लाख रुपये नगद, एक सोने की चेन और सोने का ब्रेसलेट लूट लिया।
यह घटना बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान के पास रहने वाले अनिल चौरसिया के घर पर हुई। पीड़ित के अनुसार, रात में पांच नकाबपोश अपराधी हथियार के बल पर घर में घुस आए और परिवार को धमकाकर कीमती सामान व नकदी लूट ले गए। वारदात के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
बुधवार को अनिल चौरसिया ने बड़ाजामदा थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संदिग्ध इलाकों में छापेमारी जारी है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली जाएगी।

