Jamshedpur News:- भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को जमशेदपुर में प्रेस वार्ता कर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपने पूर्वजों को भूलने का कार्य कर रही है और भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारियों के योगदान को नजरअंदाज कर रही है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड प्रदेश अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। वर्ष 2000 में जन्मा बच्चा आज 25 साल का हो चुका है, ऐसे में राज्य को आत्ममंथन करना चाहिए कि इन 25 वर्षों में कितना विकास हुआ और युवा पीढ़ी की भूमिका क्या रही।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाने का संकल्प लिया है, लेकिन झारखंड सरकार ने उनके नाम पर कोई विशेष कार्यक्रम या योजना की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा एक ऐसे आदिवासी बालक थे, जिन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाकर इतिहास रचा, लेकिन आज की सरकार उन्हीं पूर्वजों को भुलाने का कार्य कर रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में संसाधनों की लूट, प्रशासनिक भ्रष्टाचार, और माफिया गिरोहों की सक्रियता चरम पर है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के बड़ी संख्या में लोग झूठे मुकदमों में फंसाए जा रहे हैं, जबकि सरकार इन मुद्दों पर पूरी तरह असफल साबित हुई है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पारदर्शी शासन देने के अपने वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में आज भ्रष्टाचार और अपराध की स्थिति इतनी विकराल हो चुकी है कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और विकास के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलकर राज्य के वास्तविक विकास के लिए काम करेगी।

