Ramgarh News:- झारखंड के रामगढ़ जिले में आंगनबाड़ी सेविका अंजलि गाड़ी की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान सुविंद्र यादव (41 वर्ष) के रूप में की है, जो गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के झोर सलैया गांव का रहने वाला है।
घटना 11 अक्टूबर की रात की है, जब अंजलि गाड़ी रामगढ़ के एक सत्संग कार्यक्रम से घर लौट रही थी। रात अधिक हो जाने पर वह चैनगड्डा गांव के पास सड़क किनारे किसी सवारी वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी वहां से गुजर रहे ट्रक (संख्या JH 02 U 9638) के ड्राइवर सुविंद्र यादव ने पहले उससे बात करने की कोशिश की और फिर जबर्दस्ती दुष्कर्म कर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी पॉर्न वीडियो देखने का आदी था। वारदात के वक्त भी वह मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था। मौके से कई अहम सबूत मिले हैं, जिनमें उसके कपड़े और अन्य वस्तुएं शामिल हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।
एसपी के निर्देश पर बनी 15 विशेष जांच टीमों ने रामगढ़, रांची, हजारीबाग और बिहार के गया-शेरघाटी क्षेत्र में लगातार छापेमारी की। करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी को रांची जिले के खलारी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी विवाहित है और चार बच्चों का पिता है, जिसकी बड़ी बेटी की उम्र 21 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ गया जिले के रौशनगंज थाने में कई धाराओं में मामला दर्ज है।
अंजलि गाड़ी (39 वर्ष) रामगढ़ के घाघरा गांव की रहने वाली थी। उसके परिजनों ने कहा कि वह धार्मिक कार्यक्रम से लौटते वक्त घर से कुछ ही दूरी पर मौत का शिकार हो गई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या दोनों की पुष्टि की है।

