Arwal News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे अंतिम चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अरवल जिले के मेहंदिया स्थित मसूदा खेल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि “बिहार को फिर से जंगल राज और नरसंहार के दौर में जाने से बचाने के लिए एनडीए को वोट दें।”
अमित शाह ने कहा कि कभी बिहार नक्सलवाद, अपहरण और नरसंहार के लिए बदनाम था, लेकिन भाजपा-नीतीश गठबंधन की सरकार आने के बाद प्रदेश ने इन सब बुराइयों से मुक्ति पाई है। अब बिहार विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को जाति और धर्म के नाम पर भड़काया जाता था, लेकिन आज के युवा रोजगार, शिक्षा और उद्योग की बात कर रहे हैं। बिहार में कई नए उद्योग और कल-कारखाने खुल रहे हैं जिससे राज्य का आर्थिक स्तर बढ़ा है।
गृह मंत्री ने जीविका दीदियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खाते में जमा 10,000 रुपये किसी हाल में वापस नहीं लिए जाएंगे, बल्कि सरकार आगे दो लाख रुपये और देने का लक्ष्य रखती है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता एनडीए सरकार की प्राथमिकता है।
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि उनकी भारत यात्रा गरीबों के लिए नहीं बल्कि घुसपैठियों को बचाने के लिए थी। उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्र सरकार हर घुसपैठिए को देश से बाहर निकालेगी।
राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 500 साल बाद भगवान राम का मंदिर अयोध्या में बनवाया और अब बिहार में माता सीता मंदिर के निर्माण का काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में अयोध्या और मिथिला को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी शुरू की जाएगी।
अंत में अमित शाह ने कहा कि “14 नवम्बर को फिर से एनडीए की सरकार बनेगी और ठगबंधन का सफाया हो जाएगा।” उन्होंने अरवल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जनता से राजग प्रत्याशी मनोज शर्मा को भारी मतों से जिताने की अपील की।

