Ranchi News:- नगड़ी में रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर बुधवार को भाजपा रांची ग्रामीण जिला की ओर से गोष्ठी हुई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि रहीं।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर रानी नहीं, गरीबों और असहायों की माता थीं। उन्होंने शासन नहीं किया, भगवान शिव की प्रतिनिधि बनकर जनता की सेवा की। वे अपने हस्ताक्षर भी शिव के निर्देश से करती थीं।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जन्म सामान्य परिवार में हुआ। अद्वितीय प्रतिभा के कारण वे राज परिवार में ब्याही गईं। जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया। 30 वर्षों तक शासन किया। कई ऐतिहासिक कार्य किए। आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई ने नारी सशक्तिकरण के लिए सख्त दहेज विरोधी कानून बनाए। बिना संतान की विधवाओं की संपत्ति जब्त करने की नीति खत्म की। विधवाओं को गोद लेने की स्वतंत्रता दी। विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया।
महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिया। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाए। महिलाओं को युद्ध कौशल सिखाया। महिला सैन्य टुकड़ी बनाई। किसानों को अपनी उपज किसी भी बाजार में बेचने की छूट दी। शराब पर पूरी तरह रोक लगाई। राज्य में डाक सेवा शुरू की।
उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने राज्य की सीमा से बाहर भी काम किया। भारत के सांस्कृतिक उत्थान के लिए कई कार्य किए। काशी विश्वनाथ, सोमनाथ जैसे प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। बद्रीनाथ, रामेश्वरम, पुरी और द्वारिका जैसे चार धामों का भी पुनर्निर्माण कराया। नदियों पर घाट बनवाए। तालाब खुदवाए। वृक्षारोपण के लिए अभियान चलाए।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि आज भारत को नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिला है। वे रानी अहिल्याबाई के पदचिह्नों पर चलकर गांव, गरीब, किसान, दलित और वंचितों की सेवा कर रहे हैं। भारत के सांस्कृतिक वैभव को फिर से स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनधन खाता, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान योजना सभी गरीबों के लिए हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आज नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति बन चुकी है। राम मंदिर, बाबा विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल मंदिर कोरिडोर भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहे हैं।