Ranchi News:- झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस (एआईटीसी) की ओर से ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) नियुक्त किया है। इस संबंध में एआईटीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने औपचारिक पत्र जारी किया है।
ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद मंत्री शिल्पी तिर्की ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और एआईटीसी अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री तिर्की ने कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो विश्वास और भरोसा जताया है, उस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में आदिवासी समाज के हर वोट को महागठबंधन के पक्ष में जोड़ने के लिए वह पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरेंगी।
शिल्पी नेहा तिर्की झारखंड की राजनीति में युवा और ऊर्जावान महिला चेहरा मानी जाती हैं। कृषि मंत्री के रूप में वे राज्य में किसानों की समस्याओं और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। अब बिहार चुनाव में कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस पार्टी के इस कदम से स्पष्ट है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव में आदिवासी समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

