दो साल बाद फिर शुरू हुई मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना, किसानों में उत्साह
Ranchi News:- झारखंड सरकार ने दो वर्षों के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की शुरुआत की है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में 4 करोड़ रुपये के कृषि उपकरण किसानों के बीच वितरित किए। इस दौरान 32 किसानों को बड़ा ट्रैक्टर, दो को मिनी ट्रैक्टर, दो को सोलर पंप सेट और 55 किसानों को सामान्य पंप सेट प्रदान किए गए। मंत्री ने इसे मुख्यमंत्री की किसान-हितैषी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि अब किसान मजदूर नहीं, बल्कि उन्नत खेती के माध्यम से व्यापारी बनेंगे।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत बड़े ट्रैक्टर पर 50% और मिनी ट्रैक्टर पर 80% तक की सब्सिडी दी जा रही है। किसान एस्क्रो अकाउंट के माध्यम से अंशदान जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने किसानों को किसी भी फर्जी कॉल या दलाल से सतर्क रहने की अपील की और योजना की पारदर्शिता पर बल दिया।
मंत्री ने बताया कि किसान समृद्धि योजना के तहत अब तक 2100 लाभुकों को लाभ दिया गया है, जबकि लक्ष्य 8000 किसानों तक पहुंचने का है। इस योजना से खेती में सिंचाई की सुविधा बेहतर हुई है।
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि कृषि मंत्री किसानों के लिए बेहतरीन कार्य कर रही हैं। राज्य में दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, मुर्गी व बतख पालन योजनाओं में भी विभाग की उपलब्धियां सराहनीय हैं।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण निदेशालय के निदेशक अशोक सम्राट, संयुक्त सचिव रविशंकर विद्यार्थी, कांके विधायक सुरेश बैठा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

