East Champaran News:- जिले के पीपराकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपराडीह गांव में एक नवविवाहिता की हत्या कर शव को 10 फीट गहरे गड्ढे में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को शव को बरामद कर लिया है। मृतका की पहचान कविता देवी (पत्नी- कुंदन कुमार) के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले 26 अप्रैल को हुई थी।
कविता के पिता शंकर राउत, जो पताही थाना क्षेत्र के बखरी बाजार के निवासी हैं, ने पीपराकोठी थाने में आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने बताया कि 21 जून की सुबह करीब साढ़े छह बजे कविता के ससुर नरेश सिंह का फोन आया, जिसमें उन्होंने कहा कि बेटी घर से भाग गई है। जब शंकर राउत ने दोबारा फोन करके अधिक जानकारी लेनी चाही तो न ससुर ने फोन उठाया, न ही दामाद कुंदन कुमार ने।
परेशान होकर जब वह बेटी के ससुराल पीपराडीह पहुंचे तो पाया कि न तो ससुर और न ही पति घर पर हैं। सास प्रभावती देवी ने सिर्फ इतना बताया कि कविता घर से भाग गई है। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने पीपराकोठी कृषि फार्म की जमीन में खुदाई करवाई, जहां से कविता का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी सदर-2 जितेश पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

