Garhwa News:- गढ़वा जिले के बड़गड़ हाईस्कूल में घटी एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्कूल की छात्रा दिव्या कुमारी (पिता – संजय गुप्ता, निवासी बड़गड़) की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि 15 सितंबर को स्कूल में प्रधानाध्यापिका द्रोपदी मिंज ने किसी मामूली बात पर छात्रा की बेरहमी से पिटाई की थी।
पिटाई के बाद दिव्या गहरे सदमे में चली गई और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों ने पहले उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रांची रिम्स रेफर कर दिया। वहीं मंगलवार को इलाज के दौरान दिव्या ने दम तोड़ दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बड़गड़-भंडरिया मुख्य मार्ग को शव रखकर जाम कर दिया और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग प्रधानाध्यापिका की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही भंडरिया बीडीओ अमित कुमार, सीओ राकेश भूषण सिंह और बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ प्रधानाध्यापिका की गिरफ्तारी के बिना पीछे हटने को तैयार नहीं थी।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इसे शिक्षा व्यवस्था की संवेदनहीनता बता रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

