Ludhiyana News :- मेरठ के बाद अब पंजाब के लुधियाना में भी एक नीले प्लास्टिक ड्रम से शव मिलने की घटना ने सनसनी फैला दी है। यह घटना शेरपुर इलाके की है, जहां स्थानीय लोगों को एक कोने में रखे नीले रंग के ड्रम से बदबू आने लगी। बदबू तेज होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ड्रम को खोला तो अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव को प्लास्टिक के बोरे में लपेटकर ड्रम में डाला गया था। हैरान करने वाली बात यह रही कि शव के पैर और गला रस्सी से बंधे हुए थे। इससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।
शेरपुर थाने की एसएचओ कुलवंत कौर ने बताया कि शव का चेहरा देखकर प्रतीत होता है कि मृतक कोई प्रवासी मजदूर हो सकता है। शव की हालत काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कुछ दिन पहले हुई है। पुलिस के अनुसार ड्रम एकदम नया था, जिससे स्पष्ट है कि यह हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है और शव को छिपाने के लिए नया ड्रम खरीदा गया।
अब पुलिस ने लुधियाना की लगभग 42 ड्रम निर्माण कंपनियों की सूची तैयार की है। सभी से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने हाल ही में यह तरह का ड्रम किसे बेचा था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। इस घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

