धनबाद।
अपराधियों ने कतरास थाना क्षेत्र के तिवारीडीह अंतर्गत बीसीसीएल 4 नंबर कॉलोनी में सोमवार की रात राजकुमार भुईयां(35) की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से उसका शव आवास के अंदर जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दूसरे दिन मंगलवार को शव बाहर निकलवाया है। पुलिस ने मृतक एवं उसकी पत्नी का मोबाईल और मौके से एक चाकू जब्त किया है। इस मामले में पत्नी को भी हिरासत में लिया गया है।
जानकारी अनुसार पूछताछ के क्रम में युवक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बीती रात राज कुमार अत्यधिक शराब पीकर आया और सभी से मारपीट करने लगा। मारपीट के डर से वह घर के बाहर चली गई। सुबह तीन बजे क्वार्टर में आने पर उसका पति नहीं मिला। इस पर नातिन ने बताया कि चार पुरूष और एक महिला ने मिलकर उसके पति का दफना दिया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रास बिहारी लाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। मालूम हो कि हिरासत में ली गई महिला मृतक की दूसरी पत्नी है। इससे पूर्व वह राजकुमार के बड़े भाई असीम भुईयां की पत्नी थी। असीम की मृत्यु के बाद महिला ने अपने देवर राजकुमार से शादी कर तिवारीडीह में रहने लगी।

