Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला मनीषा कौर (27) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पति गुरप्रीत सिंह उर्फ सागर को उसके ही रिश्तेदारों ने पकड़कर साकची से पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सागर ने बताया कि उसने भोर में पत्नी की हत्या की और फिर करीब तीन-चार घंटे तक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद वह वहां से भाग निकला। पुलिस ने जब हत्या की वजह पूछी तो आरोपी ने कहा कि अगर वह मनीषा को नहीं मारता तो पागल हो जाता, लेकिन वह स्पष्ट कारण नहीं बता सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ, और पुलिस ने शक के आधार पर पति को तलाशना शुरू किया।
फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने की दिशा और समय का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मनीषा और सागर की शादी करीब 9 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। मनीषा हिंदू और सागर सिख समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इस कदर हिंसक मोड़ लेगा। फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों और बच्चों से भी पूछताछ कर रही है।
इस खबर को भी पढ़ें : तेजस्वी यादव का बड़ा बयान: “जब मेरा ही नाम मतदाता सूची में नहीं, तो चुनाव कैसे लड़ूं?”
इस खबर को भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी से जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त, देशभर के 9.70 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ की सौगात

