Palamu News :- शादी के महज 20 दिन बाद ही पलामू के मेदिनीनगर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता अपने पति को छोड़कर फरार हो गई। यही नहीं, जाते-जाते वह 72 ग्राम सोने के गहने और 90 हजार रुपये नकद भी ले गई।घटना मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित पति गणेश्वर एक आभूषण कारीगर हैं और मेदिनीनगर के एक सर्राफा दुकान में काम करते हैं। उन्होंने शनिवार शाम 4 बजे स्थानीय थाने में अपनी पत्नी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई।
गणेश्वर और उनकी पत्नी दोनों महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। गणेश्वर ने बताया कि दोनों की शादी 8 जून को महाराष्ट्र में लड़की की सहमति से हुई थी। हालांकि, शादी से ठीक एक दिन पहले लड़की के पुराने बॉयफ्रेंड का फोन आया था, जिसमें उसने शादी न करने की बात कही थी। इस पर जब गणेश्वर ने दुल्हन से पूछा, तो उसने सब बातों से इनकार कर दिया।
20 जून को दोनों मेदिनीनगर पहुंचे और सामान्य जीवन जीने लगे। लेकिन 28 जून को जब गणेश्वर काम से घर लौटे, तो उनकी पत्नी वहां नहीं थी। उन्होंने आसपास पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें उनकी पत्नी एक सूटकेस लेकर जाते हुए दिखाई दी।
गणेश्वर का आरोप है कि उनकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के पास चली गई है और जाते समय घर के सारे गहने और नकदी भी साथ ले गई। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए और पत्नी को वापस लाया जाए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

