Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव में रविवार को एक नवविवाहित महिला का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान पुनीता देवी (पति राकेश कुमार) के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, पुनीता की शादी को अभी मात्र 13 महीने ही हुए थे। रविवार को जब घर में उसकी लाश फंदे से लटकी मिली, तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर जांच शुरू की।
इस बीच मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के चाचा संतु मेहता ने बताया कि शादी के समय चार लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक दी गई थी। इसके बावजूद पति राकेश कुमार और उसका परिवार लगातार पैसे की मांग कर रहे थे।
चाचा ने बताया कि ननद की शादी के लिए लिए गए कर्ज के बाद पति अक्सर पुनीता से पैसे लाने का दबाव बनाता था और मना करने पर उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने के कारण पुनीता की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।
मायके पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल वालों ने नहीं दी। जब उनके गांव के कुछ लोग शादी का डेट तय करने करसो गांव पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शव पहले ही फंदे से उतार लिया गया था।
मृतका के चाचा ने पति राकेश कुमार, देवर पिंटू, ननद, नंदोषी और सास पर हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल चैनपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में कई बिंदुओं पर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

