Ramgarh News:- रामगढ़ थाना से फरार हुए आफताब अंसारी की लाश शनिवार देर रात रजरप्पा थाना क्षेत्र के लोदरू बेड़ा गांव के पास दामोदर नदी किनारे मिली। पुलिस की शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि आफताब नदी पार करने की कोशिश में बह गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत के पीछे की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। इस बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने हिंदू टाइगर फोर्स के नेता राजेश सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना से लौट रही भीड़ बेकाबू हो गई और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। टायर जलाकर सड़क जाम कर दी गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
एसपी ने बताया कि मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहली प्राथमिकी आफताब की पत्नी सालेहा खातून ने दर्ज कराई है, जिसमें आरोप है कि 23 जुलाई को कुछ लोग एक कार से आकर दुकान में घुसे और आफताब को पीटते हुए थाने तक ले गए। अगली सुबह वह थाने से लापता हो गया।
दूसरी प्राथमिकी अर्शी गारमेंट की पार्टनर नेहा सिंह ने दर्ज कराई है, जिसमें हिंदू टाइगर फोर्स के लोगों पर आफताब को बेहरमी से पीटने, दुकान में घुसकर धमकी देने और धर्म विशेष के खिलाफ गालियां देने का आरोप लगाया गया है।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, जिसमें दो और हमलावरों की पहचान मनीष कुमार पासवान और गंगा बेदिया के रूप में हुई है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

