Ranchi News:– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 दिसंबर से तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आएंगी। अपने दौरे की शुरुआत वह 28 दिसंबर को रांची आगमन के साथ करेंगी। आगमन के बाद राष्ट्रपति रांची स्थित लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
29 दिसंबर को राष्ट्रपति जमशेदपुर जाएंगी, जहां वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके साथ ही वह ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। इस आयोजन में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति और परंपरा की समृद्ध विरासत को रेखांकित किया जाएगा। जमशेदपुर के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रपति पुनः रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
अपने दौरे के अंतिम दिन 30 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुमला जिले के रायडीह में आयोजित जनसांस्कृतिक समागम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति अपने झारखंड प्रवास के दौरान 28 और 29 दिसंबर को रांची स्थित लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।

