Ranchi News:- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को झारखंड प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।आदित्य साहू को यह जिम्मेदारी डॉ. रविंद्र कुमार राय की जगह दी गई है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह ने पत्र जारी किया।
आदित्य साहू का राजनीतिक सफर
रांची जिला के ओरमांझी प्रखंड के कुचू गांव निवासी आदित्य साहू का जन्म 1 जुलाई 1964 को हुआ।
पेशे से प्रोफेसर रह चुके साहू ने रांची विश्वविद्यालय से एम.कॉम तक की पढ़ाई की और लंबे समय तक राम तहल चौधरी कॉलेज में अध्यापन किया।
छात्र जीवन से ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े और राजनीति में सक्रिय हुए।
भाजपा में रहते हुए वे प्रदेश महामंत्री के पद पर रहे और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
साल 2022 में वे निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए।
भाजपा नेताओं का मानना है कि आदित्य साहू एक जमीनी नेता हैं जिनकी पकड़ संगठन पर बेहद मजबूत है। वे लंबे समय से भाजपा की विचारधारा के लिए कार्यरत हैं और पार्टी को नए सिरे से सशक्त करने में योगदान देंगे।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने साहू पर दांव लगाया है। वे कोल्हान प्रमंडल के प्रभारी भी रह चुके हैं और संगठनात्मक स्तर पर उनका अनुभव पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

