Ranchi News:- रांची जिले में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) से जुड़े एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खलारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से टीएसपीसी संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सलमान संगठन के शीर्ष कमांडरों के संपर्क में रहकर लेवी वसूली और दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल था।
थाना प्रभारी ने बताया कि सलमान खान पर इसी माह 16 दिसंबर को खलारी थाना क्षेत्र में लेवी वसूली के उद्देश्य से फायरिंग करने का आरोप है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
एसएसपी के निर्देश पर उग्रवादियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस की टीम ने जंगली और पहाड़ी इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर देव जी के दस्ते से जुड़े कुछ उग्रवादी लेवी वसूली के इरादे से इलाके में सक्रिय हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल और पहाड़ी इलाके का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार सलमान, टीएसपीसी के शीर्ष कमांडर देवा उर्फ आदिल के सक्रिय दस्ते से जुड़ा हुआ है।
छापेमारी टीम में खलारी और मैक्लुस्कीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

