Ramgarh News;– रामगढ़ जिले में परिवहन विभाग ने गुरुवार की रात एक विशेष अभियान चलाकर भारी वाहनों की सघन जांच की। इस जांच में ओवरलोड ट्रक, परमिट फेल वाहन और नियमों का उल्लंघन करने वाले कई ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीटीओ अनुराग कुमार तिवारी और एमवीआई विजय गौतम के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह अभियान चलाया गया। टीम ने देर रात तक ट्रकों की जांच की और नियमों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान पाया गया कि कई गाड़ियां ओवरलोड थीं, कई का परमिट मान्य नहीं था। इसके अलावा प्रेशर होरन, ओवर हाइट और रिफ्लेक्टिव टेप की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान कई वाहन नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए। परिवहन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख 20 हजार 650 रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।
डीटीओ अनुराग तिवारी ने बताया कि परिवहन विभाग समय-समय पर जांच अभियान चलाता है ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नियमों का पालन हो। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और अन्य नियम उल्लंघन सड़क हादसों की बड़ी वजह हैं, इसलिए इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर हाईवे पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाले ट्रक चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई स्वागत योग्य है।
फिलहाल, रामगढ़ जिले में इस अभियान की चर्चा जोर-शोर से हो रही है और परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और भी सख्ती से चलाए जाएंगे।

