Palamu News:- पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय से सटे कचहरी इलाके की एक फोटो स्टेट और ऑनलाइन सेवा केंद्र पर छापेमारी की गई, जहां से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र समेत कई तरह के नकली दस्तावेज बरामद हुए। इसके बाद संबंधित दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त विश्वजीत मेहता के नेतृत्व में की गई। निगम को गुप्त सूचना मिली थी कि कचहरी क्षेत्र की कुछ दुकानों से फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने एक टीम गठित की और कई दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान “भारत फोटो स्टेट एवं ऑनलाइन सेंटर” में फर्जी सर्टिफिकेट पाए गए। एक ऐसा एडिटेड सर्टिफिकेट भी मिला, जो वर्ष 2012 का था, जब समीर एस नगर आयुक्त थे। इससे स्पष्ट हुआ कि लंबे समय से यह फर्जीवाड़ा चल रहा था।
मौके से परवेज इकबाल नामक युवक को हिरासत में लेकर शहर थाना भेज दिया गया है। पुलिस और नगर निगम दोनों ही स्तर पर मामले की गहन जांच की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की भी जल्द पहचान की जाएगी। नगर निगम की इस छापेमारी से प्रशासनिक हलकों में हलचल है, और आम जनता में भी विश्वास बढ़ा है कि फर्जीवाड़े को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

