Khunti News :- खूँटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के कुमांग गांव में शनिवार की सुबह लिव इन रिलेशन में रहने वाली नाबालिग लड़की सरस्वती कुमारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक प्रेमचंद साहू को उसी रात गिरफ्तार कर लिया। तोरपा थाना में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह और तपकरा थाना प्रभारी नितेश कुमार गुप्ता ने मामले की जानकारी दी। गिरफ्तार प्रेमचंद साहू रांची के लापुंग थाना क्षेत्र के मलगो गांव का रहने वाला है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रेमचंद साहू मोटरसाइकिल से फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम ने तोरपा थाना क्षेत्र से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने सरस्वती की हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, दौली और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
छापेमारी में सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, तोरपा और तपकरा थाना के पुलिसकर्मी, एसआई श्यामल कुम्भकार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने प्रेमचंद साहू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
तपकरा थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही खबर जिसमें कहा जा रहा था कि आरोपी हथकड़ी पहनाकर फरार हो गया था, पूरी तरह बेबुनियाद है। पुलिस के अनुसार, आरोपी तीन घंटे के अंदर ही पकड़ लिया गया।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के अन्य साथियों या संभावित सहयोगियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

