Khunti News:- खूंटी जिले के मुरहू थाना परिसर से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। छेड़छाड़ के आरोपित राहुल कुमार मांझी, निवासी मेराल गांव, ने थाने के टॉयलेट में बिजली के तार से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनीष टोप्पो, एसडीपीओ वरुण रजक और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी ने बताया कि राहुल के खिलाफ सोमवार को माहिल गांव की एक युवती से छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया था। ग्रामीणों ने राहुल को पकड़कर थाने के हवाले किया था। इसी बीच मंगलवार सुबह उसने टॉयलेट में आत्महत्या कर ली। पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही राहुल के पिता अशोक मांझी और पत्नी आभा देवी थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस और माहिल गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सोमवार को राहुल अपने बेटे के साथ माहिल गांव गया था। वहां छेड़छाड़ के आरोप में विवाद हुआ और बाद में गांव के कुछ लोगों ने उसे अगवा कर मारपीट की और रस्सी से बांध दिया। बाद में उसे जबरन पुलिस के हवाले कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि यदि राहुल ने गलती की थी तो पुलिस सीधे केस दर्ज करती, लेकिन ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में लेकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने इस मामले में ग्रामीणों और पुलिस दोनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गंभीर मामले को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों की टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। इस बीच एसपी मनीष टोप्पो ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुरहू थाना प्रभारी रामदेव यादव को निलंबित कर दिया और थाने की जिम्मेदारी गॉडविन केरकेट्टा को सौंप दी। राहुल की पत्नी आभा देवी महाअष्टमी पर पूजा करने गई थीं। वह अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं। लेकिन पूजा के बाद जैसे ही वह बाहर निकलीं, उन्हें पति की मौत की सूचना मिली और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। लोगों का कहना था कि मानो उन्हें पहले ही संकेत मिल गया हो।

