Ranchi News:- राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में शुक्रवार देर रात हुए भीषण हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। शनिवार सुबह डैम से प्रिंसिपल जिला जज (जमशेदपुर) के दो बॉडीगार्ड और सरकारी ड्राइवर के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में धुर्वा डैम की ओर आ रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सीधे डैम में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा और नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों, गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम ने 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डैम से कार को बाहर निकाला। भीतर से तीनों शव और दो पुलिस हथियार बरामद हुए।
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि वाहन अनियंत्रित होने के कारण वह सीधे डैम में गिर गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वाहन की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मी ज्यूडिशियल एकेडमी धुर्वा से स्विफ्ट वाहन में निकले थे और धुर्वा डैम की ओर जा रहे थे, तभी हादसा हुआ।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। हादसे से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है।

