Garhwa News:- गढ़वा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पलामू एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रमकंडा प्रखंड में तैनात हल्का-9 के कर्मचारी अरुण कुमार यादव को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी कर्मचारी द्वारा कार्य निष्पादन के बदले पीड़ित से रिश्वत की मांग की गई थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने पलामू ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। बुधवार को ऑपरेशन के दौरान अरुण कुमार यादव को नकद घूस लेते हुए धर दबोचा गया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोग एसीबी की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल मान रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसीबी की टीम लंबे समय से शिकायत की पुष्टि कर रही थी। जैसे ही सबूत पुख्ता हुआ, पूरी योजना के तहत ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि किसी भी सरकारी काम के लिए रिश्वत की मांग करना गंभीर अपराध है और भविष्य में ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वा में हुई इस कार्रवाई ने आम नागरिकों को भी राहत दी है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी होती रहे ताकि सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सके।

