Ranchi News:- रांची के कांके थाना क्षेत्र में चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। रविवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अभिषेक को रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात चौपाटी रेस्टोरेंट में किसी विवाद के दौरान अभिषेक ने विजय नाग को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हत्या के बाद से अभिषेक फरार था और राज्य से बाहर भागने की फिराक में था। स्थानीय लोगों ने हत्या के विरोध में रविवार को जमकर हंगामा किया, जिससे पुलिस पर आरोपी को जल्द पकड़ने का दबाव बढ़ गया।
रांची एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को सूचना मिली कि अभिषेक अपने परिवार के साथ भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और कांके थाना क्षेत्र के आईटीबीपी कैंप के पास आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अभिषेक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे प्रारंभिक जांच में बिरयानी से जुड़ा विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस मामले में पूर्व पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह और उनके ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दस दिनों में रांची पुलिस की मुठभेड़ों में अब तक पांच अपराधियों को गोली लग चुकी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।

