Ranchi News;- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के सारनाथ थाना क्षेत्र का रहने वाला जयंत कुमार सिंह है। गिरफ्तार आरोपी के पास से वह मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिससे धमकी भरे कॉल किए गए थे।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी काफी दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था और फरार चल रहा था। वह गाजीपुर भागने की फिराक में था, लेकिन औड़िहार के पास रोडवेज बस से यात्रा कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह आरोपी न सिर्फ शातिर दिमाग का है, बल्कि एक गैंग बनाने की तैयारी कर रहा था। जानकारी के अनुसार, आरोपी मेडिकल छात्र है, जिसने एमबीबीएस पास किया है और मास्टर डिग्री की तैयारी कर रहा था। उसका शिलांग (मेघालय) में भी मकान है।
उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले ने कहा था – “तुम इंतजार करो, तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे, हम लोग झारखंड के लिए निकल चुके हैं।” इस धमकी के बाद मंत्री के निजी सचिव ने बोकारो स्टील सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर टीम को गुमराह कर रहा था। आखिरकार टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर उसे धर दबोचा गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके पीछे और कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। इस गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता माना है।

