Jamshedpur News:- बर्मामाइंस के मुखी बस्ती इलाके में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 28 वर्षीय युवक शरणजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। मिली जानकारी के अनुसार, शरणजीत सिंह सुबह करीब 3:30 बजे अपने परिजन को स्टेशन से लाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वे अपनी स्प्लेंडर बाइक पर नामदा बस्ती की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक (संख्या- जेएच 05 एके 5732) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक शरणजीत को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सड़क हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में बस्तीवासी जमा हो गए और आक्रोश में आकर बर्मामाइंस ट्यूब कंपनी गेट के पास सड़क जाम कर दिया। लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के कारण इलाके में कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच होगी और दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्ती बढ़ाने की भी मांग की।
दुर्घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

