Bhagalpur News:- सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवक बुधवार सुबह पुलिस जिला नवगछिया के खरीक पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बांका जिले के सुबोध कुमार यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के संबंध में घायल गिरधारी कुमार, जो नीतीश के चाचा भी हैं, ने बताया कि वे बांका से बेगूसराय परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान खरीक पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसमें नीतीश गंभीर घायल हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं परिवार और स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

